ताखा। समथर में सराफ से नकदी और जेवर लूटे जाने के मामले में शनिवार को आईजी जोन प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित से जानकारी ली। ऊसराहार पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगला पछाय गांव निवासी अंगद सिंह उर्फ पिंकू की समथर में जेवर की दुकान है। शुक्रवार शाम को वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा लगाकर उनसे नकदी व जेवर भरा बैग छीन लिया था। अंगद का मोबाइल फोन और बाइक की चाबी भी ले गए थे। अंगद के मुताबिक बैग में 10 तोला सोना, दो किलो चांदी व 50 हजार रुपये थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शनिवार शाम करीब पौने पांच बजे आईजी जोन कानपुर प्रशांत कुमार पीड़ित की दुकान पर गए। अंगद से घटना की पूरी जानकारी ली। बताया कि समथर क्षेत्र में इतनी बड़ी लूट को पुलिस गंभीरता से ले रही है। एसओजी व पुलिस की अन्य टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हुई हैं। घटना का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।