बकेवर। लखना कस्बे के महेश्वरी मुहाल से पकड़े गए फखरे आलम के पिता बाबू खां ने कहा कि यदि उनके पुत्र पर राष्ट्रद्रोह की किसी भी गतिविधियों का आरोप सिद्ध होता है तो वे न तो उससे मिलने जाएंगे और न ही उसे घर आने देंगे।
आरोपी फखरे आलम के वृद्ध पिता बाबू खां इस घटना से व्यथित हैं। पहले तो उन्हें यह विश्वास ही नहीं होता कि उनका पुत्र राष्ट्रदोह जैसी गतिविधि में शामिल हो सकता है । उन्होंने कहा कि उनका बड़ा बेटा फैज निर्दोष निकला। छोटे बेटे फखरे की भी जांच चल रही है। जांच में यदि उनका बेटा राष्ट्रद्रोह की किसी भी गतिविधियों में संलिप्त मिलता है तो वे न ही उससे मिलने जाएंगे और न ही उसकी किसी प्रकार की पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि वे मुसलमान होने के साथ-साथ हिंदुस्तानी भी हैं।
देश की संस्कृति के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति भी उनके परिवार के रग-रग में बसी है। बताते हैं कि उनका पूरा परिवार सभी धर्मों का आदर करता है। मुस्लिम पर्वों के साथ-साथ हिंदू पर्व भी धूमधाम से मनाते हैं। उन्होंने कहा कि फखरे आलम बीटेक की पढ़ाई के बाद बड़ा इंजीनियर बने, यही उनकी तमन्ना थी। बहुत पढ़ाई पर बहुत ध्यान भी देता था। मां ने सोने के जेवर बेचकर उसकी फीस भरी थी। ऐसे में उसे यकीन नहीं होता कि उसका किसी ऐसीे गतिविधि में हाथ हो सकता है। उन्हें जांच प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।