गांव नगला इच्छा में फसल की बर्बादी से दुखी किसान ने शुक्रवार की रात पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह शौच के लिए गए किसानों ने उसे फंदे पर झूलते देखा। घर में जानकारी मिलने पर कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना मिलने पर एसडीएम ने मृत किसान के परिजनों को ढांढस बंधाया। जसवंतनगर थाना क्षेत्र का नगला इन्छा निवासी राजवीर सिंह (62) फसल बर्बाद होने से बहुत दुखी था।
गुरुवार की रात वह खेत गया था लेकिन शुक्रवार सुबह तक घर नहीं लौटा। भोर में लोग शौच के लिए तो उसकी लाश पेड़ पर लटकी देखी। जानकारी मिलने पर उसके घर में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक, राजवीर सिंह के परिवार के पास कुल दस बीघा खेती है। उसमें दो बीघा खेत उसके पास है। वह भाई की जमीन पर भी खेती करता था।
उसी से उसके परिवार का खर्च चलता था। उसके दो भाइयों की मौत हो चुकी थी। दो भाई अभी अविवाहित हैं। राजवीर के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। परिवार वालों के मुताबिक, वह फसल खराब होने से दुखी थे। तंगी के चलते गांव के कई लोगों से कर्जा भी ले रखा था।
किसान की आत्महत्या की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी हंसराज यादव ने क्षेत्रीय लेखपाल गीतम सिंह यादव को घटना स्थल पर भेजकर मामले की जांच कराई। पुलिस भी कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंची।
जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों के सहयोग से आम के पेड़ पर लटके शव को उतारा। इसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उपजिलाधिकारी हंसराज यादव ने घर जाकर घटना पर दुख जताया।