इटावा। विश्व क्षय रोग दिवस पर बुधवार को टीबी अस्पताल से जागरूकता रैली निकालकर टीबी रोग से बचाव के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनएस तोमर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसीएमओ एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. बीएल संजय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. उमेश चंद्र भटेले, मलेरिया अधिकारी नीरज दुबे व रैली में क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े लोग शामिल रहे।
सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान सभागार में संगोष्ठी भी हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनएस तोमर ने कहा टीबी एक संक्रामक बीमारी है, इसलिए रोगी का पता लगाकर उसका उचित नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जाता है। यह इलाज जितनी जल्दी शुरू हो जाए वह रोगी और समाज दोनों के लिए हितकर है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डा. बीएल संजय ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को 2 हफ्ते से अधिक खांसी आए तो उसे बलगम जांच अवश्य करानी चाहिए। रोगियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए।
बताया पुलिस लाइन में टीबी जागरूकता शिविर का आयोजन कर उनके परिवार के लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया। जिला समन्वयक कंचन तिवारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीबी मरीजों की सही से देखरेख व मॉनिटरिंग करने की सलाह दी। ताकि इटावा जल्द टीबी मुक्त हो सके।
इन स्वास्थ्य कर्मियों को प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
इस दौरान जनपद में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के लिए अच्छा कार्य करने वाले टीबी अस्पताल के सात कर्मियों को सीएमओ ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इनमें संजीव कुमार, योगेंद्र सिंह, आलोक कुमार, सचिन चौहान, अनिल कुमार, राघवेंद्र, शहरोज अहमद, योगेंद्र सिंह, संजीव वर्मा, आलोक कुमार व सुनील कुमार शामिल हैं।
अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए डा. उमेश चंद्र भटेले, कंचन तिवारी, रोहित सिंह वर्मा,वैभव कुमार त्रिपाठी, अनस सुलेमान, अनिल कुमार पाल, अरुण कुमार वर्मा,अंशु बाजपेई, सुबोध चौहान,हेमंत वर्मा को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।