इटावा। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मंगलवार को डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान स्थलों की पहचान, वल्नरेबिलिटी मैपिंग और स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, मतदान केंद्रों और स्थानीय परिस्थितियों की पूरी जानकारी रखें। प्रत्येक सेक्टर में 10 से 12 मतदान केंद्र शामिल होते हैं। ऐसे में अधिकारी नियमित भ्रमण कर सूचनाएं जुटाएं और निर्वाचन संबंधी अभिलेख अपडेट रखें।
डीएम ने कहा कि मतदाताओं को भयमुक्त माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्हें प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह रहे। (संवाद)