बिजौली गांव के खेत में मृत पाई गर्भवती युवती के बारे मेें पुलिस सात दिन बाद भी सुराग लगाने में नाकाम रही है।
शिनाख्त न होने से जांच अटकी पड़ी है। शव का फोटो लेकर गैर जिलों को गईं टीमें भी असफल होकर लौट आई हैं। अब गांव के चौकीदारों के जरिये पुलिस शिनाख्त कराने के प्रयास में लगी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के तहत बिजौली गांव के पास एक खेत में 25 जून की सुबह करीब 25 साल की युवती का शव पड़ा मिला था। गले में गणेश जी मूर्ति का लाकेट होने से उसके हिंदू होने का अनुमान है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के दो महीने का गर्भ होने की पुष्टि के बाद पुलिस का मानना है कि मामला ऑनर किलिंग का भी हो सकता है। पैरों में बिछिया और माथे में सिंदूर न होने से उसके अविवाहित होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस ने मैनपुरी, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद और औरैया जिलों में शव की फोटो के साथ टीमें भेजकर शिनाख्त करवाने की कोशिश की। ये टीमें भी लौट आईं, लेकिन युवती के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी।
हालांकि थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शिनाख्त होने तक मामला फंसा है। जैसे ही शिनाख्त हो जाएगी। घटना का खुलासा भी हो जाएगा।
एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि मृतका आसपास क्षेत्र की हो सकती है। लेकिन यदि उसे उसके किसी स्वजन ने मारा है तो वह शिनाख्त करने नहीं आएगा। हो सकता है कि अब तक इसीलिए कोई शिनाख्त करने नहीं आया।
अब गांव के चौकीदारों को शव का फोटो देकर शिनाख्त करा रहे हैं। इससे वह अपने क्षेत्र में ऐसी किसी युवती के बारे में खोजबीन कर सकें।