- गांव तुर्कपुर पहाड़पुर के ग्रामीण ने पीडी से की थी शिकायत
- डीपीआरओ की जांच में अपात्रों को देने की हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। ग्राम पंचायत तुर्कपुर पहाड़पुर के पहाड़पुर गांव में अपात्रों को आवास देने की शिकातय पर सोमवार को गांव में डीपीआरओ और जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जांच की। इस दौरान कुछ आवास अपात्रों के पास मिलने पर डीपीआरओ ने नाराजगी जाहिर की है।
27 जनवरी को परियोजना निदेशक शरद कुमार श्रीवास्तव से ग्राम पंचायत तुर्कपुर पहाड़पुर के गांव पहाड़पुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने 2016-17 में गांव के सात परिवारों को अपात्र होने के बावजूद आवास योजना का लाभ देने की शिकायत की थी। इस पर पीडी ने डीपीआरओ बनवारी सिंह और जिला प्रबोशन अधिकारी सूरज सिंह को जांच सौंपी थी।
सोमवार को दोनों अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल की। आरोपियों के घर पर जाकर सत्यापन किया। वहीं आस पड़ोसियों और शिकायतकर्ता के भी बयान लिए। सात आवासों में से कुछ आवास अपात्र मिलने पर डीपीआरओ ने नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने चेताया कि सभी से रिकवरी की जाएगी। डीपीआरओ ने बताया कि जांच की गई है। इसमें शिकायत सात में से कुछ आवास अपात्रों को देने की बात सही पाई गई है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। आदेशानुसार रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।