बकेवर (इटावा)। कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर बिजौली गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित पिकअप ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पिकअप में सवार गोवंश भी चोटिल हो गए।
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे तब हुई जब कानपुर के बर्रा-2 निवासी दिलीप पांडेय अपने चार साथियों के साथ कार में सवार होकर मेहंदीपुर बालाजी दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बिजौली ओवरब्रिज पार कर रही थी, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर उनकी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई। कार सवार दिलीप पांडेय को गंभीर चोटें आईं, जबकि कार चालक रामप्रताप, ओमकार और कन्हैया बाल-बाल बच गए।
हादसे में पिकअप में सवार पशु व्यापारी भी घायल हुए। घायलों में धर्मेंद्र और उनके पिता रामऔतार, निवासी हर्राजपुर मैनपुरी, उमेश, शिवम और शिव कुमार उर्फ पिंटू, निवासी ऊसराहार, शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत बकेवर के 50 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी ने घायलों का उपचार किया। हालांकि, शिवम कुमार और दिलीप पांडेय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही एनएचएआई की भ्रमण दल की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। यह हादसा बकेवर में लगे मेले के दौरान हुआ, जहां पशु व्यापारी लोडर वाहनों से पशुओं को ले जा रहे थे।