यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में अर्चना
मेमोरियल की छात्रा हनी सिंह ने 96.99 फीसदी अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा
तथा जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में भी अर्चना
मेमोरियल की छात्रा दीपिका यादव ने 95.6 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में टॉप
किया। जिले में हाईस्कूल का रिजल्ट 74.39 और इंटरमीडिएट का 85.28 फीसदी
रहा।
रविवार की सुबह से ही बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जानने की
उत्सुकता परीक्षार्थियों में रही। विद्यालयों के संचालक और टीचर भी परिणाम
जानने को बेसब्र रहे। सफलता हासिल करने के बाद स्टूडेंट्स अपने-अपने
विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाचार्यों के साथ-साथ टीचरों ने उनका गर्मजोशी से
स्वागत किया।
प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा हनी
सिंह का अर्चना मेमोरियल स्कूल में स्वागत किया गया। इंटरमीडिएट में जिला
टॉप करने वाली इसी विद्यालय की छात्रा दीपिका यादव का भी विद्यालय स्टाफ ने
स्वागत किया। हाईस्कूल की परीक्षा में जिले की टॉप टेन की सूची में 17
छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
इसमें से छात्राओं की संख्या 15 है।
इंटरमीडिएट की टॉप टेन सूची में 27 स्टूडेंट्स में 12 छात्राएं शामिल हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉप टेन सूची में जसवंतनगर क्षेत्र के चौ. सुघर
सिंह इंटर कालेज का दबदबा रहा।
भरथना नगर क्षेत्र के एमएसके
विद्यालय के हाईस्कूल के छात्र शशांक गुप्ता ने 92 फीसदी और देहात क्षेत्र
के सुतियानी इंटर कालेज की इंटरमीडिएट की छात्रा नम्रता यादव ने 91.60
फीसदी अंक हासिल कर नाम रोशन किया।
एमएसके विद्यालय प्रबंधक महेश
सिंह कुशवाह ने बताया कि छात्र शशांक गुप्ता ने हाईस्कूल में 92 प्रतिशत
अंक प्राप्त किए। छात्र विकास यादव ने 91.83 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय
का नाम रोशन किया। बताया कि 135 छात्र-छात्राएं ससम्मान प्रथम श्रेणी में
उत्तीर्ण हुए।
ताखा ब्लाक क्षेत्र स्थित चौधरी जवाहर सिंह इंटर
कालेज सुतियानी की छात्रा नम्रता यादव ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 91.60
अंक प्राप्त कर नाम रोशन किया। नम्रता ने गणित में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त
किए। पैरामाउंट हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सोनम पाल ने हाईस्कूल में 90
प्रतिशत अंक व प्रगति यादव ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किया।
एसएवी
इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय की इंटर
की छात्रा मानसी चौधरी ने 89.2 प्रतिशत व अंशुमन भदौरिया ने 88.4 प्रतिशत
अंक प्राप्त किया है। ज्ञानस्थली इंटर कालेज के प्रधानाचार्य विनोद अवस्थी
ने बताया कि विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र गौरव कुमार ने 89 और गौरव यादव
ने 86.8 फीसदी अंक हासिल किया है।