ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव सुंदरा में बुधवार सुबह एक हिस्ट्रीशीटर ने गोली मार कर आत्महत्या कर ली। हिस्ट्रीशीटर के ऊपर अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। इस पर दंपती सहित तीन लोगों की हत्या का भी एक मामला था। जल्द ही फैसला आने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के सुंदरा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर मुकेश यादव (40) पुत्र लाल सिंह ने बुधवार सुबह सात बजे घर से कुछ ही दूरी पर खेत में खुद को तमंचे से गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद किसान दौड़ पड़े। मुकेश का लहूलुहान शव पड़ा था। किसानों ने घर पर सूचना दी।
परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पिता लाल सिंह ने बताया कि मुकेश दो दिन पहले सरसों बेचने गया था और मंगलवार रात लौटा था। जो पैसे मिले थे, उसकी शराब पी ली।
घर में एक भी रुपये नहीं दिए। शराब की लत से घर में अक्सर कलह होती थी। मंगलवार रात भी लड़ाई हुई। बुधवार सुबह मुकेश ने आत्महत्या कर ली। परिवार में पत्नी अनीता देवी, 16 वर्षीय बेटा रिषी, दो बेटियां गौरी और सृष्टि हैं।
ट्रिपल मर्डर में हो सकती थी सजा
ऊसराहार थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मुकेश यादव पर ट्रिपल मर्डर का भी मामला था। पुरानी रंजिश में तीन साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के परशुराम, उनकी पत्नी विमला देवी और बेटी हिमांशु की गोली मार हत्या करने का आरोप था।
मुकदमा ट्रायल पर आ गया था और सभी आरोपियों को सजा होने का समय आ गया था। मुकेश जेल जाने से डर रहा था और दो-तीन दिन से परेशान था।