फोटो 31: गुरुवचन सिंह की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
फोटो 32: हादसे के बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाते पुलिस कर्मी। स्रोत विभाग
- आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर मानिकपुर मोड़ के पास शनिवार रात की घटना
-पिता की दवा लेने जाते समय हादसा, निजी स्कूल व कोचिंग में पढ़ाते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल (इटावा)। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर मानिकपुर मोड़ के पास शनिवार रात पिता की दवा लेने जा रहे शिक्षक को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मानिकपुर मोड़ निवासी गुरुवचन सिंह (30) तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। गुरुवचन निजी स्कूल व कोचिंग पढ़ाकर घर का खर्च चलाते थे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। पिता कृष्ण मुरारी ने बताया कि वह पुलिस विभाग से साल 2012 में रिटायर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे दांत में तेज दर्द हो रहा था। यह देख गुरुवचन मेडिकल से दवा लेने के लिए पैदल घर से निकला था।
मानिकपुर मोड़ के पास अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं मासूम बच्चे मीत और सास्वत बार-बार अपने पिता को पुकारते नजर आए। परिजनों का विलाप देख हर आंख नम हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, थानाध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन चालक का पता लगाकर उसे पकड़ा जाएगा।