शहर कांग्रेस ने हाल ही में आश्रम पद्धति विद्यालय कांधनी में हुई छात्र रवि व आश्रम पद्धति विद्यालय नगला हीरालाल में कुछ समय पूर्व हुई छात्र की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग राज्यपाल से की है। इस संबंध में कांग्रेसी नेताओं ने शुक्रवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा।
डीएम नितिन बंसल को राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों में घोर अनियमितता बरती जा रही है। इसी का नतीजा है कि शहर के दोनों आश्रम पद्धति विद्यालयों में एक-एक छात्र की मौत हो चुकी है।
इन दोनों ही मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि आश्रम पद्धति कालेज कांधनी में छात्रों को मंजूर बजट से कम खर्च कर भोजन आदि दिया जा रहा है। जिसमें दूध और फल का नामो निशान तक नहीं।
इस घोटाले की जांच की जाए। इसके साथ ही यह बात भी सामने आई है कि कालेज में बीमार बच्चों को न तो अच्छा उपचार दिया जाता है और न ही उनकी बीमारी की जानकारी उनके परिजनों को दी जाती है। ज्ञापन देने वालों में शहर अध्यक्ष मो. राशिद, संजय दोहरे, सुरेश शाक्य, रामनरेश यादव, हंसमुखी शंखवार, फजल युसुफ, शारदा शाक्य, कुसुमलता उपाध्याय, मलखान सिंह, विष्णुकांत मिश्रा, सुबोध, पंकज यादव, गुड्डी मिश्रा आदि शामिल रहे।