इटावा/बकेवर/उदी। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका और बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए शनिवार को चार अस्पतालों में बनाए गए पीकू वार्ड में स्वास्थ्य कर्मियों ने पूर्वाभ्यास किया।
संयुक्त जिला अस्पताल में सौ शैय्या महिला विंग में 40 बेड का पीकू वार्ड बनाया गया है। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. बीके गर्ग के निर्देशन में डॉक्टरों ने पूर्वाभ्यास के दौरान एंबुलेंस में बच्चे को लेकर पीकू अस्पताल पहुंचे।
इस दौरान स्टाफ स्ट्रेचर और ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर पहुंच गए। फिर बच्चे को दूसरी मंजिल पर बेड तक ले जाया गया। इस पूर्वाभ्यास के दौरान डॉ. गर्ग और नोडल अधिकारी डॉ. बीएल संजय, बाल रोग चिकित्सक डॉ. शादाब आलम, बेहोशी के डाक्टर आर कुमार भी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी ने बताया कि तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए पीकू वार्ड में तैयारियां पूरी हैं। स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय, सफाई कर्मियों की तैनाती भी पीकू वार्ड में कर दी गई है।
बताया कि पीकू वार्ड में तैयारियों को लेकर पूर्वाभ्यास बकेवर, भरथना व उदी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी किया गया। बकेवर में 50 शैय्या अस्पताल में पीकू वार्ड में मॉक ड्रिल किया गया।
सीएचसी महेवा के प्रभारी डॉ. गौरव त्रिपाठी व डॉ. जितेंद्र सिंह चौहान टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मॉक ड्रिल किया। इस दौरान एक 12 साल के किशोर को मरीज बनाकर एंबुलेंस से लेकर आने और स्ट्रेचर से लेकर बेड तक पहुंचाने व पीकू वार्ड में बेड पर लिटाकर कर ऑक्सीजन चालू करने का पूर्वाभ्यास किया।
मॉकड्रिल के दौरान डॉ. शाहना, फार्मासिस्ट वीणा, लैब टेक्नीशियन सतेंद्र, वार्ड ब्वाय दीप चंद्र आदि उपस्थित रहे। उदी सीएचसी में मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान डाक्टर पीपीई किट पहने हुए थे।
डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. ओम गुप्ता, डॉ. हर्षित के अलावा स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय और फार्मासिस्ट आदि मौजूद रहे।