जिला अस्पताल की ओपीडी में पर्चा बनवाने को लाइन में लगे लोग। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। डेंगू के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिला अस्पताल 16 मरीजों में लक्षण मिलने पर सभी की किट से जांच कराई गई। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों की एलाइजा जांच कराने के लिए सैंपल सैफई आयुर्विज्ञान विश्व विद्यालय भेजा गया है।
गुरुवार को जिला अस्पताल में एक हजार मरीज दिखाने के लिए आए थे। इनमें से दो सौ लोगों की जांच पैथोलॉजी से कराई गई है। जिला अस्पताल की पैथालॉजी प्रभारी डॉ. नीतू द्विवेदी ने बताया डेंगू जांच के सैंपल एलाइजा जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे जा रहे हैं। पैथालॉजी लैब में एक सितंबर से लेकर छह अक्तूबर तक 244 मरीजों की किट से डेंगू की जांच हुई। इनमें 22 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। एक सप्ताह में सात केस मिले हैं।
मौसम में बदलाव की वजह से सांस रोगियों की संख्या बढ़ रही है। फिजीशियन डॉ. शांतनु निगम ने बताया गुरुवार को उन्होंने 190 मरीज देखे। इनमें वायरल बुखार की अपेक्षा सांस और खांसी के मरीज ज्यादा रहे। जुकाम के मरीज भी आए। मौसम में ठंडक होते ही अचानक से सांस रोगी बढ़ने लगे हैं।