खराब एंबुलेंस में धक्का लगाते ग्रामीण
- फोटो : ETAWHA
इटावा। महेवा सीएचसी से जच्चा बच्चा लेकर जा रही एंबुलेंस लुधियानी चौराहे पर खराब हो गई। महिला की हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने धक्का भी लगाया। आधे घंटे बाद दूसरी एंबुलेंस से जच्चा बच्चा को घर पहुंचाया गया।
सरकारी एंबुलेंस की खस्ता हालात दिखने लगी है। बुधवार देर शाम को महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महिला और उसके नवजात को घर पहुंचाने जा रही एंबुलेंस अचानक लुधियानी चौराहे पर खराब हो गई। ग्रामीणों ने एंबुलेंस में काफी दूर तक धक्का भी लगाया। लेकिन सारी कवायद फिजूल साबित हुई।
कस्बा निवासी समाजसेवी आशुतोष दीक्षित ने बताया कि देर शाम महेवा की दो एंबुलेंस जच्चा बच्चा को लेकर जा रही थी। जिनमें से एक लुधियानी चौराहे पर खराब हो गई थी। करीब आधा घंटे तक महिला उस एंबुलेंस में बेचैन रही। बाद में दूसरी एंबुलेंस के आने पर उसे घर पहुंचाया जा सका।