इटावा। बकेवर कस्बे के 50 शय्या अस्पताल में तैनात डॉक्टर की ड्यूटी कोविड अस्पताल में लग जाने से ओपीडी भी बंद हो गई है। सफाईकर्मी भी कई दिनों से नहीं आ रहा है।
कस्बा का 50 शय्या अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए सफेद हाथी के समान साबित हो रहा है। करीब दो माह पूर्व भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान मौजूद सीएमओ डॉ. एनएस तोमर से अस्पताल से जुड़ी फाइल मांगी थी। सांसद ने मौजूद लोगों से जल्द इस अस्पताल की उचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था।
मंगलवार को 50 शय्या अस्पताल में फार्मासिस्ट मनोज कुमार व बार्ड ब्वॉय दीप चंद मौजूद थे। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की कोरोना हॉस्पिटल में ड्यूटी लगी है। इस कारण ओपीडी बंद है। फिर भी रोजना कई मरीज आ रहे हैं। अस्पताल में सफाई करने भी सफाई कर्मी नहीं आ रहा है।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक दुबे ने बताया कि बकेवर के 50 शय्या अस्पताल में व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से कर दी जाए तो इस समूचे क्षेत्र और चकरनगर तहसील के लोगों को फायदा होगा।
कस्बा निवासी व्यापारी नेता लल्लन गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में कोई व्यवस्था नहीं है। इसका परिणाम क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। कस्बा निवासी समाजसेवी संजय मिश्रा ने बताया कि इस अस्पताल को सुचारु रूप से चालू कराने में कोई रुचि नहीं ले रहा है। लोग बीमार होने पर 20 किमी दूर जिला मुख्यालय में भाग रहे हैं। व्यवसायी अनुज तिवारी ने बताया कि अभी इस अस्पताल को चालू कराने में जनप्रतिधियों ने भूमिका निभाई वह सराहनीय है।