सिविल लाइन क्षेत्र में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की कोठी के पास चार दिन पहले बैंक आफ इंडिया के एटीएम में नगदी डालने पहुंचे कैश वेंडर को गोली मारकर 45 लाख लूट के मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। यह बात आईजी कानपुर जोन जकी अहमद ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि यह घटना बड़ी है और लूट की जांच की समीक्षा करने के साथ जिले के अधिकारियों से मुलाकात करने आए हैं।
उन्होंने बताया कि लूटकांड की जांच सही दिशा में चल रही है।
कुछ पहलुओं पर जांच होनी शेष है, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। घटना का खुलासा कितने दिन में होगा? इस सवाल के जवाब में कहा कि इस बारे में कुछ कह नहीं सकते, लेकिन काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही खुलासा करने के प्रयास किया जा रहा है।
बैंकों द्वारा कैश रखने के प्रति सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जाता है, क्या इस बारे में बैंकों को सतर्क किया जाएगा? इस सवाल पर कहा कि घटना होने के बाद पुलिस का काम उसका वर्क आउट करना है, लेकिन जिस तरह से आम आदमी रकम लेकर चलने में जो सतर्कता बरतता है।
वह बैंकों की ओर से नहीं बरती जा रही है। इस दिशा में एसएसपी बैंकों को सतर्कता के बारे में सचेत करेंगी। आईजी ने कहा कि इसके अलावा उन्होंने हत्या व अन्य लूट के मामलों की भी समीक्षा की। सीओ के साथ बैठक कर उनसे लंबित विवेचनाओं के बारे में जानकारी की और एक दो माह के अंदर लंबित विवेचनाओं को पूर्ण करने को कहा।
जिले में फोर्स की कमी के संबंध में उन्होंने कहा कि कांस्टेबिलों की कमी बताई गई है। ट्रेनिंग चल रही है। पूरी होते ही यह कमी दूर कर दी जाएगी। वार्ता के दौरान एसएसपी मंजिल सैनी भी मौजूद रहीं।