भरथना। आगरा से आई केंद्रीय जीएसटी टीम ने तंबाकू कारोबारी के घर, प्रतिष्ठान समेत आठ ठिकानों पर 15 घंटे तक दस्तावेज खंगाले। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे टीम कुछ दस्तावेज जब्त कर लौट गई।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे से मोहल्ला मोतीगंज निवासी तंबाकू कारोबारी अरविंद चौरसिया के आवास पर केंद्रीय जीएसटी टीम ने छापा मारा था। टीम में शामिल करीब 12 सदस्यों ने गोदाम, मॉल और मोहल्ले में ही बने रिश्तेदारों के घर खंगाले थे। देर रात तक कारोबारी के घर के आसपास लोगों का जमावड़ा बना रहा। टीम को सर्वे के दौरान कई दस्तावेज अधूरे मिले। सुबह करीब पांच बजे टीम के रवाना होने के बाद लोगों को राहत मिली। एडिशनल कमिश्नर सीजीएसटी भवन मीणा के नेतृत्व में छापा मारा गया था। टीम में इंस्पेक्टर अजय सोनकर, विपिन शर्मा समेत कई अधिकारी शामिल थी।
छत से होकर जाने की कोशिश की थी
कारोबारी के भाई-भतीजों के घरों की छतें आपस में मिली हुई हैं। ऐसे में कारोबारी ने छत से होकर बाहर जाने का प्रयास किया था। हालांकि टीम ने उन्हें चेतावनी दी थी। इस पर वह रुक गए थे।
बड़ा जुर्माना लगने की आशंका
रजिस्टर में अंकित माल ज्यादा मिला था, जबकि कारोबारी मौके पर माल कम दिखा सके। इस पर टीम ने रजिस्टर भी जब्त कर लिया। कारोबारी पर बड़ा जुर्माना लगने की आशंका है।