सैफई। छह महीने से लापता पिता की जमीन का बैनामा कराए जाने और उन्हें बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाते हुए बेटे ने पुलिस से शिकायत की है। बेटे का आरोप है कि एक व्यक्ति ने 18 अगस्त को उसके पिता से जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद से पिता को अपने पास रखा है और उनसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा है।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के नगला दिक्क सहाबरामपुर निवासी सुमित कुमार ने सैफई थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता शिशुपाल सिंह करीब छह महीने से लापता हैं। आरोप है कि गांव हवेली हरदोई निवासी ने इस दौरान उनके पिता से जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद से पिता को अपने कब्जे में रखा हुआ है।
उन्होंने उपनिबंधक कार्यालय सैफई में भी बैनामा रुकवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी रसीद भी पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र के साथ संलग्न की है। उन्होंने पिता को सकुशल तलाश कराने और जमीन के बैनामे की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।