सपा कार्यालय पर नारेबाजी करते सुनील यादव के समर्थक कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
समाजवादी पार्टी में हाईकमान के बीच चल रहा विवाद का असर गुरुवार को जिले में भी देखने को मिला। नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की ओर से सपा जिलाध्यक्ष पद के लिए गोपाल यादव के नाम की घोषणा कर दी गई। इसकी जानकारी मिलते ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील यादव समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंच गए।
इस दौरान उनके समर्थकों ने मुलायम सिंह यादव व शिवपाल के समर्थन में नारेबाजी की। देर रात तक वे कार्यालय पर डटे रहे। मालूम हो शीर्ष नेतृत्व के बीच विवाद शुरू होने के बाद एक दशक से जिलाध्यक्ष रहे अशोक यादव को हटाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सुनील सिंह यादव को जिलाध्यक्ष घोषित किया।
वह सक्रियता दिखा ही रहे थे कि गुरुवार को अचानक गोपाल यादव को जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील यादव, जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, वरिष्ठ सपा नेता केके यादव के अलावा करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ता दफ्तर पर एकत्रित हो गए। सुनील यादव पार्टी अध्यक्ष की सीट पर जाकर बैठ गए। कार्यकर्ता कक्ष और बाहर मुलायम सिंह यादव व शिवपाल सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। देर रात तक पार्टी कार्यालय में सपाइयों का मजमा रहा।