उदी बाह मार्ग पर ट्रक सवार लुटेरों ने ओवरटेक कर पेंट के डिब्बों से भरे ट्रक को रोक लिया। लुटेरों ने चालक व खलासी की पिटाई करने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। चालक ने करीब आठ लाख रुपये का माल होने की बात बताई।
फतेहपुर सीकरी जिले के गांव जैनपुरा निवासी उल्फत सिंह पुत्र देवी सिंह अपना ट्रक चलाते हैं। 17 अगस्त को वह जयपुर से पेंट के डिब्बे ट्रक में लादकर पटना के लिए रवाना हुए थे। ट्रक में उनके साथ खलासी भी था। उन्होंने बताया कि आगरा से बाह के रास्ते इटावा की ओर एक ट्रक में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका।
ट्रक से उतरे लुटेरों ने मारपीट कर दोनों को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने मारपीट कर उसे नशीला पदार्थ खिला दिया जिससे वह बेहोश हो गया और लुटेरे ट्रक लेकर फरार हो गए। तीन दिन बाद उसे होश आया तो वह जिला अस्पताल में भर्ती था। होश में आने के बाद वह अपने घर चला गया।
मंगलवार को परिजनों के साथ लौटकर आया और ट्रक के बारे में जानकारी की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। उनका कहना है कि बदमाश उसके ट्रक को लूट ले गए। उल्फत सिंह ने बताया कि खलासी भी अपने घर पहुंच गया है।