बलरई थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार शाम एक युवक ने सात साल की बच्ची को टॉफी खाने के लिए 20 रुपये का लालच देकर खेत में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। बच्ची के बेहोश हो जाने पर वह उसे छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बलरई थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की बच्ची अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रही थी। तभी गांव के शिशुपाल (20) पुत्र बालकिशन ने उसे बुलाकर टॉफी खाने के लिए 20 रुपये दिए।
उसके बाद बच्ची को बहला फुसलाकर गांव के रामचंद्र के खेत में ले गया। खेत में मक्का की फसल के बीच ले जाकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची बेहोश हो गई तो वह उसे वहीं छोड़कर भाग गया।
कुछ देर बाद होश में आने पर बच्ची रोती हुई बदहवाश हालत में घर पहुंची और परिजनों को बताया। पिता ने पुलिस को सूचना दी। बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिशुपाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिशुपाल को गुरुवार रात को ही बलरई रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।