सैफई (इटावा)। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर के बर्न यूनिट का गीजर करीब 15 दिन से खराब है। इस कारण मरीजों की हाइड्रो बाथ नहीं हो पा रही है। इससे उलमें इंफेक्शन फैलने की आशंका बनी रहती है।
ट्रामा सेंटर में तीसरी मंजिल पर बर्न यूनिट संचालित है। यहां झुलसे मरीजों को नहलाने के लिए गीजर लगा हुआ है। इसमें नहलाकर मरीजों की मरहम, पट्टी की जाती है। गीजर खराब होने से मरीजों की जली खाल को हटाकर सफाई नहीं हो पा रही है। इससे इंफेक्शन फैलने का डर बना रहता है।
गीजर खराब न होने से मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है। 19 बेड के वार्ड में तीन से पांच तक ही मरीज भर्ती हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में कुल सात गीजर लगे हैं। सूत्रों के अनुसार सभी खराब हैं।
सही कराने का प्रयास मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की तरफ से किया जा चुका है, लेकिन गीजर मरम्मत की स्थिति में नहीं हैं। चिकित्सा अधीक्षक प्रो./डॉ. एसपी यादव ने बताया कि जल्द ही नए गीजर लगवाए जाएंगे। 13 नए गीजर के लिए पत्र लिखा गया है।