इटावा। जिले में पंजीकृत निजी क्लीनिक और नर्सिंग होम की ओपीडी रविवार से शुरू हो जाएंगी। मरीज घर बैठे फोन लगाकर भी डॉक्टरों से परामर्श ले सकते हैं। संचालकों को सोशल डिस्टेंसिंग रखने के अलावा डॉक्टरों को खांसी, जुकाम और बुखार मरीजों का ब्योरा प्रतिदिन शाम को सीएमओ कार्यालय को देना होगा। मरीजों के हाथ-धोने के लिए पानी व साबुन रखना भी जरूरी होगा।
सीएमओ ने बताया कि जिले में 42 क्लीनिक और 27 नर्सिंग होम पंजीकृत हैं। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण निजी क्लीनिक की ओपीडी भी बंद करवा दी गई थीं। कई ऐसे मरीज हैं, जिनका इलाज निजी डॉक्टरों के यहां चल रहा है। ऐसे व अन्य मरीजों की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी जेबी सिंह ने निजी क्लीनिक और नर्सिंग होम की ओपीडी शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इस पर सभी क्लीनिक और नर्सिंग होम संचालकों को ओपीडी शुरू करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सीएमओ ने बताया कि निजी क्लीनिक सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे से 8 बजे ओपीडी चलाएंगे। इस दौरान लोग फोन पर भी डॉक्टर से परामर्श ले सकते हैं। सीएमओ ने कहा कि क्लीनिक पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी होगा। डॉक्टरों को अपने यहां मरीजों के हाथ धोने के लिए साबुन और पानी रखना भी जरूरी होगा। मरीज डॉक्टर के पास जाने से पहले और डॉक्टर के कक्ष से निकलने के बाद हाथ जरूर धोएं, इसका भी ध्यान रखा जाए।
डॉक्टर को प्रतिदिन शाम को अपने यहां आने वाले खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों के लक्षण, उसका नाम, पता और मोबाइल नंबर सीएमओ कार्यालय को देने के निर्देश भी दिए गए हैं। ये भी कहा गया है कि कोरोना जैसे लक्षण अगर किसी मरीज में हों तो उसकी सूचना तुरंत दी जाए। सीएमओ ने बताया कि कुछ क्लीनिक संचालकों ने क्लीनिक शुरू करने के लिए मुलाकात की थी, इसके बाद जिलाधिकारी के समक्ष बात रखी गई थी।