अब रोडवेज बस ने यात्रियों को आधुनिक सेवा का तोहफा देते हुए स्मार्ट कार्ड से सफर का आनंद उठाने की सुविधा दी है। इसे बुधवार को क्षेत्रीय प्रबंधक ने इटावा स्टेशन पर लांच किया।
स्मार्ट कार्ड के जरिए अब यात्री बिना नकदी के रोडवेज बसों में यात्रा कर सकेंगे। साथ ही रोडवेज के अधिकृत फूड प्लाजा या फिर ढाबा पर खाना, नाश्ता करने के साथ ही इससे खरीदारी भी कर सकते हैं।
भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से परिवहन निगम द्वारा जारी किए गए इस कार्ड का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान जेब में नकदी रखने की जरूरत से मुक्ति मिलेगी। स्मार्ट यात्रा कार्ड को लांच करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक इटावा परिक्षेत्र एनएस यादव ने बताया कि स्मार्ट यात्रा कार्ड यात्री 32 रुपये देकर खरीद सकते हैं।
इसके बाद यात्री कम से कम सौ रुपये और ज्यादा से ज्यादा एक हजार रुपये से कार्ड को रीचार्ज करा सकते हैं। रीचार्ज होने के बाद कार्ड पूरी तरह से तैयार है।
यात्रा के दौरान यूपी रोडवेज की किसी भी बस में इस कार्ड से टिकट लिया जा सकता है। बस परिचालक निर्धारित किराए को अपने पास मौजूद मशीन से इस कार्ड से काट लेगा। इससे न तो यात्री को नकद पैसे की जरूरत पड़ेगी और न ही फुटकर का झंझट रहेगा।
उन्होंने बताया कि रोडवेज के अधिकृत ढाबा व फूट प्लाजा पर इस कार्ड से खाना, नाश्ता लिया जा सकता है साथ ही अन्य जरूरत का सामान भी खरीदा जा सकता है। कार्ड में कराए गए रीचार्ज की वैद्यता एक साल रहेगी। कार्ड वापस करने पर यात्री को पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे की तर्ज पर यूपी रोडवेज ने भी ऑनलाइन पूछताछ सेवा 149 को शुरू कर दिया है। मोबाइल फोन से यात्री 149 नंबर डायल करके बस संचालन से जुड़ी जानकारी घर बैठे ही ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि महफूज खान को इटावा में एजेंट बनाया गया है। बस स्टैंड के सामने स्थित इनकी दुकान से आसानी से कार्ड प्राप्त करने के साथ ही उसे रीचार्ज किया जा सकता है। कार्ड को लांच करते वक्त सर्विस मैनेजर एसपी सिंह, एआरएम फाइनेंस यूपी सिंह, जीरो मास कंपनी से डिस्ट्रिक मैनेजर आमिर हुसैन, गुफरान सहित एजेंट महफूज खान उपस्थित रहे।