छत के हिस्से को ठीक करते टेक्नीशियन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से नई दिल्ली जा रही नॉन स्टाप गरीब रथ एक्सप्रेस की एक बोगी हादसे का शिकार होते बची। तीव्र गति से जा रही ट्रेन की एक बोगी में दरवाजे के पास छत का एक हिस्सा हवा के तेज झोंके से उखड़ गया। जिस पर ट्रेन को अप लूप लाइन पर रोकना पड़ा। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। बाद में उखड़े हुए हिस्से को दुरुस्त करने के बाद ट्रेन रवाना की गई। इस दौरान ट्रेन करीब आधा घंटा खड़ी रही।
कानपुर से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12569 गरीब रथ एक्सप्रेस की बोगी नंबर ईसी 08116 में यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:16 पर साम्हाें रेलवे स्टेशन के पार होने के बाद हुआ। भरथना रेलवे स्टेशन आने पर ट्रेन को लूप लाइन पर खड़ा कर दिया गया। यहां स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बाद में टेक्नीशियन टीम को मौके पर भेजा गया। लूप लाइन की ओएचई लाइन ब्रेक करने के बाद उखड़े हुए हिस्से को ठीक किया गया। जिससे यह ट्रेन करीब 35 मिनट विलंब से सुबह 6:53 बजे रवाना हो सकी।