सैफई (इटावा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच गई युवती के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत पर एसपी क्राइम और सीओ सैफई ने मौके पर जांच की है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव की 18 वर्षीय युवती बुधवार रात 8:30 बजे ताऊ की बेटी के साथ खेतों पर शौच के लिए गई थी। वहां गांव के तीन युवकों ने दोनों को दबोच लिया। ताऊ की बेटी किसी तरह बचकर भाग गई। युवकों ने छोटी बहन को झाड़ियों में खींचकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
जानकारी पर ताऊ खेत पर पहुंचे लेकिन तब तक युवक भाग चुके थे। बेसुध युवती को ताऊ अन्य लोगों की मदद से घर ले गए। युवती के परिजन बुधवार शाम फर्रुखाबाद गंगा नहाने गए थे। बृहस्पतिवार को लौटने पर युवती ने आपबीती सुनाई।
पिता ने शुक्रवार को सैफई थाने में तहरीर दी है। पुलिस अधीक्षक क्राइम ज्ञानेंद्र सिंह, प्रभारी सीओ सैफई विवेक जावला और सैफई थाना प्रभारी तारिक खान ने मौके पर जांच कर युवती का मेडिकल कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रजत पाल, अनवर और आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी क्राइम ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।