कस्बे में स्टेशन रोड स्थित एक फर्नीचर की दुकान में सोमवार रात चोर ताले तोड़कर 60 रुपये कीमत का सामान चुराकर फरार हो गए।
दुकान मालिक को मंगलवार सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद दुकानदार ने थाने में तहरीर दी है।
स्टेशन रोड पर नदी पुल और जैन मंदिर के पास सत्येंद्र कुमार की लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान है।
सोमवार को रक्षाबंधन पर्व के चलते दुकान बंद थी। इसका फायदा उठाकर चोरों ने रात को दुकान के पीछे का शटर तोड़ दिया और अंदर घुसकर वहां लगे ताले भी चटका दिए।
दुकान से चोर इनवर्टर, दो बैटरियां, हैमर, कटर मशीनें, रिंचें, कलपुर्जे आदि सामान चुरा ले गए।
चोरों ने भागने के लिए पीछे की खिड़की का ताला चटका दिया। इससे लगता है कि वे जहां से आए थे, उस रास्ते से सामान लेकर नहीं निकले।
दुकान मालिक सत्येंद्र कुमार ने जब मंगलवार की सुबह दुकान खोली तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना देकर थाने में तहरीर दे दी। लेकिन पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।