फोटो 29: भरथना - बिधूना मार्ग पर एम्बुलेंस के पास एकत्र परिजन व अन्य। संवाद
भरथना। क्षेत्र में मंडी समिति के पास ठेला लगाए एक फल विक्रेता को सांड़ ने पटक दिया था। गंभीर रूप से घायल विक्रेता को कानपुर के हैलट में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान आठ दिन बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना से आहत लोगों ने बुधवार को विधूना मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
कस्बा के मोहल्ला गिरधारीपुरा निवासी प्रेमबाबू उर्फ राजू (53) मंडी समिति के पास फल का ठेला लगाते थे। बीती 18 फरवरी को ठेले के पास ही लघुशंका को जाते वक्त सांड़ ने उन्हें पटक दिया। उन्हें सैफई पीजीआई रेफर किया गया था। पीजीआई से परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
परिजन क्षेत्रवासियों के साथ विधूना रोड पर पहुंच गए और जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। लोगों को समझाकर शांत कराया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि छुट्टा जानवरों की वजह से आए दिन घटनाएं हो रही हैं लेकिन अधिकारी इसको लेकर गंभीर नहीं हैं। प्रेमबाबू के परिवार में पत्नी ममता देवी, चार पुत्र किशन, प्रियांशु, हिमांशु, दीपांशु तथा दो पुत्रियां संध्या और पल्लवी हैं। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि परिवार के लोग जाम लगा रहे थे उन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।