सैफई में गांव झिंगूपुर में दोहरे हत्याकांड के आरोपी मां-बेटा का पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाक्षेत्र के गांव झिंगूरुर में 17 मई को कृष्ण चंद उर्फ केडी ने लोहे की छड़ से गांव के ही रामवीर सिंह (40) पर हमला कर दिया था। उसकी चीख पुकार सुनकर गांव का ही अनलेश यादव बचाने के लिए आगे बढ़ा तो आरोपी युवक ने उसके सिर पर भी छड़ से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था।
घटना के वक्त आरोपी युवक की मां मीरा देवी भी साथ में थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। रामवीर के शव को कब्जे में लिया था और घायल अनलेश को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया था। यहां अनलेश ने शनिवार को तीसरे दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात करा दी गई थी। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही थी।
सोमवार की रात करीब 11 बजे प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह की टीम ने दुमीला बॉर्डर से आरोपी युवक कृष्ण चंद उर्फ केडी को और मंगलवार की सुबह करीब सात बजे द्वितीय टीम के एसएसआई पवन कुमार शर्मा ने आरोपी महिला मीरा देवी को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया। सीओ सैफई नागेंद्र चौबे ने बताया कि कृष्ण चंद का रामवीर से रुपये को लेकर विवाद हो गया था।