इटावा। डाक सेवक बनने के लिए तीन युवकों ने फर्जी अंकपत्र लगा दिए। फर्जीवाड़ा पकड़ में आने पर पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
भारतीय डाक विभाग नई दिल्ली की ओर से 27 जनवरी 2023 को शाखा डाकपाल और सहायक शाखा डाक पाल पदों के लिए रिक्तियां निकाली गई थीं। 16 फरवरी 2023 को ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि थी। विभाग की ओर से करीब 200 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए जिले के प्रधान डाकघर को जिम्मेदारी दी गई। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह मुखबिर ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि तीन युवकों ने डाक सेवक के पद के लिए फर्जी अंकपत्र लगाए हैं और तीनों शास्त्री चौराहे के पास मौजूद हैं। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों को पकड़ लिया। इनके पास से फर्जी अंकपत्र बरामद हुए। युवकों ने बताया कि मेरिट में जगह पाने के लिए अंकपत्र में नंबर बढ़वाए थे। जांच में पता चला है कि आईसीएसई बोर्ड दसवीं के फर्जी अंकपत्र नई दिल्ली से बनवाए थे।
आरोपियों के नाम इकराम खान निवासी ग्राम भलोखरा थाना फतेहाबाद आगरा, अंकित निवासी ग्राम पडकौली पुरा कुनैरा थाना बसौनी आगरा व गौरव निवासी ग्राम मुरादनगर थाना बिल्हौर कानपुर हैं। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।