इटावा जिले में सफारी रेंजर के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर दो लोगों से ठगी कर ली गई। रेंजर ने सिविल लाइन पुलिस को जानकारी दी है। पुलिस जांच में जुटी है। सफारी पार्क के रेंजर अशोक कुमार निमेष के नाम से एक ठग ने फर्जी अकाउंट बना लिया। इस पर उनकी परिवार के साथ फोटो लगा दी।
रेंजर ने बताया कि गुरुवार को इस अकाउंट से उनके जानने वाले कई लोगों को संदेश भेजे गए। उनके भाई सोनू की पत्नी सुजाता को व्हाट्सएप मैसेज करके ठग ने पांच हजार रुपये मांगे। कहा कि बहुत जरूरत है। जल्द ही लौटा देंगे। इस पर उनके भाई की पत्नी ने ऑनलाइन तीन हजार रुपये भेज दिए। कहा कि अभी सिर्फ इतने ही हैं।
वहीं सफारी के ही कर्मचारी बनी सिंह को भी ठग ने निशाना बनाया। उसने भी ऑनलाइन 2500 रुपये भेज दिए। कुछ देर बाद सुजाता का फोन पत्नी के पास गया तो उन्होंने रुपये देने वाली बात बताई। इसके बाद ठगी का अहसास हुआ।
सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कितने लोगों के साथ ठगी की गई है, इसकी जानकारी जांच होने के बाद ही पता चलेगी।