आर्यकन्या स्कूल के पास सड़क पर गिरा हुआ बिजली का पोल।
- फोटो : amar ujala
बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई। गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्ग पर स्थित जर्जर पोल चार पहिया वाहन पर अचानक गिर पड़ा। इससे आवागमन प्रभावित हुआ। संयोग से कोई व्यक्ति इस हादसे की चपेट में नहीं आया।
नौरंगाबाद चौराहा से पक्की सराय मार्ग के मध्य स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज के समीप बिजली के पोल का निचला हिस्सा गल जाने से जर्जर हो गया था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे यह पोल तारों का बोझ नहीं सह पाया और वहां मौजूद एक चार पहिया वाहन पर जाकर धराशायी हो गया। उस वक्त सड़क पर आवाजाही न के बराबर थी। जिससे कोई व्यक्ति इस हादसे की चपेट में नहीं आया।
गौरतलब है कि महीने भर में शहर के अंदर पोल गिरने की यह दूसरी घटना है। इसी मार्ग पर एक अन्य पोल गिर गया था। जिससे करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित हुआ था। शहर में जर्जर हालत में ऐसे कई पोल मौजूद हैं। बिजली विभाग ने अब तक इनकी सुध नहीं ली है।
नगर क्षेत्र के एक्सईएन राहुल कटियार ने बताया कि फिलहाल 25 जर्जर पोल चिह्नित कर लिए गए हैं। सभी अवर अभियंताओं को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्रों में भ्रमण करके जर्जर पोलों का इनपुट दें। ताकि कोई भी पोल जर्जर हालत में न रहे। वहीं अधीक्षण अभियंता से एप्रूवल लेकर कानपुर स्टोर के एक्सईएन से उनकी मांग की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही बिजली पोल उपलब्ध हो जाएंगे। कुछ पोलों की मरम्मत कराई जाएगी, कुछ बदले जाएंगे।