शनिवार को होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन काफी चौकन्ना है। अधिकांश बूथों को अतिसंवेदनशील प्लस एवं अतिसंवेदन शील की श्रेणी में रखा गया है । यहां कुल 196 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। सीओ जसवंतनगर विनय सिंह चौहान के अनुसार पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस चप्पे चप्पे पर तैनात रहेगा।
मतदान में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास खंड में 59 ग्राम पंचायतों में चुनाव होना है। कुल 202 ग्राम पंचायतों मे से 2 पंचायतों के 6 बूथों पर प्रधान व सदस्य पद के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है। सदस्य पद के 506 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
सदस्य पद के 89 स्थानों पर शनिवार को ग्राम प्रधानों के 59 सीटों के साथ मतदान होगा। सदस्य पद के 178 पद इस चुनाव के बावजूद भी खाली रह जाएंगे। इन पदों पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। जिन बूथों पर मतदान नहीं होना है उनमें बूथ संख्या 60,61,62,117,118, तथा 119 शामिल है।
कुल 196 बूथों पर जहां मतदान होना है उनमें से 170 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस एवं अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं । जबकि बाकी 26 संवेदनशील हैं। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले 60 मतदान केंद्रों 113 बूथों में से 35 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस व 60 अतिसंवेदनशील तथा 18 संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं।
शुक्रवार दोपहर से राजकीय बालिका इंटर कालेज जसवंतनगर से पोलिग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होने लगी थी। सायंकाल 4 बजे तक सारी पार्टियां अपने अपने केंद्रों पर रवाना हो चुकी थी। प्रेक्षक वेद प्रकाश, डीएम नितिन बंसल तथा एसएसपी मंजिल सैनी ने जसवंतनगर पहुॅचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी को देखा।