फुटपाथ खुदाई के बाद सड़क पर पड़ी ईंटे
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में लखना रोड पर महीने भर पहले फुटपाथ की खुदाई करने के बाद निकली ईंटों को सड़क पर ही रख दिया गया है। इससे राहगीरों को आवाजाही में खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। इलाकाई लोगों की माने तो कई मर्तबा हो हल्ला मचाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। बकेवर, लखना, चकरनगर, भरथना मार्ग पांच वर्ष में तीन बार बन चुका है। इसके चलते कस्बे में सड़क के दोनों ओर फुटपाथ के बीच काफी अंतर हो गया है।
इसके चलते लोगों को इस मार्ग से आवाजाही में उस समय काफी परेशानी होती है, जब दोनों ओर से बडे़ वाहन आ जाते है। बीते महीने लखना रोड पर फुटपाथ ऊंचा करने के लिए इंटरलाकिंग ईंटों को उखाड़ा गया, तभी से यह ईंटे सड़क पर ही पड़ी हैं। इससे सड़क पर जगह कम बचने से लोगों को इस मार्ग से निकलने में काफी परेशानी हो रही है।
बकेवर से लखना चकरनगर मार्ग पर वाहनों का आवागमन काफी रहता है।
कस्बे में इस रोड पर चार स्कूल हैं, सुबह-शाम हजारों छात्र-छात्राएं इधर से गुजरती हैं। फुटपाथ की ईंटे सड़क पर पड़ी होने से सभी को असुविधा हो रही है। साथ ही दोपहिया वाहनों के असंतुलित होकर गिरने से वाहन सवार चुटहिल हो रहे हैं। उधर, इस संबंध में नगर पंचायत बकेवर की ईओ मोनिका उमराव का कहना है कि ये काम पीडब्लूडी से कराया जा रहा है। समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है।