इटावा।
फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने सोमवार देर रात तीन वाहनों पर सवार पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को चोरों की निशानदेही पर चार अन्य बाइकें भी बरामद हुईं। मंगलवार को पुलिस ने चोरों को जेल भेज दिया। यह गिरोह बाइकों की नंबर प्लेट बदलकर ब्रिकी करता था।
फ्रेंड्स कालोनी प्रभारी निरीक्षक नवरत्न गौतम ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस टीम एनएच-2 पुल के नीचे फर्रुखाबाद रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी दतावाली नहर पुल से गिरोह के आने की सूचना मिली। इस बीच नहर पुल से तीन बाइक सवार आते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बाइकों पर सवार पांच लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने ई- चालान एप के माध्यम से बाइक की जानकारी की तो इंजन नंबर व नंबर प्लेट अलग-अलग मिले। पता चला कि बाइकें चोरी की हैं। चोर मास्टर चाबी से बाइकें खोलकर उन्हें सुनसान जगह छिपा देते थे। अच्छा ग्राहक मिलने पर निकालते थे। निशानदेही पर पुलिस को चार अन्य बाइकें पंचावली गोरापुरा सड़क किनारे स्थित खाली गोदाम से बरामद हुई। पकड़े गए चोरों ने अपने नाम सुनील सिंह उर्फ कल्लू पुत्र चंद्रभान निवासी कामेत थाना बढ़पुरा, अजय कुमार उर्फ छोटू पुत्र सोबरन सिंह निवासी ग्राम भतौरा थाना जसवंतनगर, पंकज पुत्र सूरज सिंह निवासी ग्राम कुमैरा थाना पछायगांव, करन सिंह पुत्र मुन्नालाल निवासी कामेत थाना बढ़पुरा व हिमांशु उर्फ ईशू पुत्र राजेश कुमार निवासी बनकटी बुजुर्ग थाना जसवंतनगर बताया है।