इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस व एसओजी टीम ने ऑटो में सवारियां बनकर लूटपाट करने वाले अंतर जनपदीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस को 24 हजार रुपये, दो ऑटो, एक कार, दो तमंचे व चार कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। गिरोह में शामिल दो महिलाएं पुलिस गिरफ्त से अभी भी दूर हैं।
इटावा शहर में इन दिनों ऑटो में सवारियों से लूटपाट व जेब काटने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इन घटनाओं में कुछ ऑटो वाले भी शामिल हैं। इनमें से चार घटनाओं को खुलासा गुरुवार को फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में एसपी सिटी प्रशांत कुमार ने किया।
एसपी सिटी ने बताया कि 23 फरवरी को क्षेत्र के भरथना चौराहे के पास ऑटो में बैठी महिला की चेन लूट ली गई थी। महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी आकाश तोमर ने क्षेत्र में ऑटो में सवारियों से हो रही लूटपाट की घटनाओं को संज्ञान में लिया और बदमाशों को पकड़ने के लिए एसओजी व थाने की दो टीम गठित की।
टीम ने क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी के माध्यम से ऑटो व उसमें सवार बदमाशों की तलाश शुरू की। इसी बीच बुधवार रात को आईटीआई चौराहे पर ऑटो समेत पांच बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम देवेंद्र कुमार निवासी पाठक वाली गली चंद्रवार गेट रामनगर थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद, राजा गुप्ता उर्फ गोलू निवासी श्यामनगर चंद्रवार लाइनपार फिरोजाबाद, सचिन वर्मा निवासी ब्लाक-पांच काशीराम कालोनी जसवंतनगर, खुशीराम व बृजकिशोर निवासी जहानपुर थाना फतेहपुर सीकरी जनपद आगरा बताया।
यह इटावा में लूटपाट की घटना को अंजाम देकर अपने-अपने जनपद भाग जाते थे। गिरोह में आगरा की दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक महिलाएं कार से आती हैं और ऑटो या अन्य जगहों पर लूटपाट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर चली जाती हैं। पुलिस महिलाओं की तलाश कर रही है।
बदमाशों ने कबूल की चार घटनाएं
1. तीन फरवरी को फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे से जालौन जा रहे किसान से कार सवार बदमाशों ने 1.5 लाख रुपये लूट कर उनको ग्राम बिजौली थाना बकेवर के पास से फेंक दिया था।
2. 23 फरवरी को फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के भरथना चौराहे के पास ऑटो में बैठी महिला से चेन लूट।
3. 24 फरवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ऑटो सवार महिला से चेन लूट।
4. 30 जनवरी को सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑटो में बैठे युवक के जेब काटकर 51 हजार रुपये पार करने की घटना कबूल की है।
दो ऑटो, कार व 24 हजार रुपये बरामद
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस टीम के 24 हजार रुपये रुपये, दो ऑटो, एक कार, दो तमंचे, दो चाकू, चार कारतूस व 240 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ है। पकड़े गए देवेंद्र पर पांच मुकदमे, सचिन वर्मा पर सात, खुशीराम पर छह, बृजकिशोर पर दो व राजा गुप्ता पर तीन मुकदमे गंभीर धाराओं में फ्रेंड्स कॉलोनी समेत अन्य थानों में दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चालाया जाएगा।