विजेता टीम को पुरस्कृत करते एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ सिटी राजीव सिंह व ईसीए अध्यक्ष सर्वेश च?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। इटावा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित स्व. मो. जाहिद राईन स्मृति कप आल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को फाइनल मैच खेला गया। इसमें किड्स कॉर्नर फिरोजाबाद की टीम ने एकता क्लब इटावा को 17 रनों से हराकर टूर्नामेंट पर कब्जा किया।
फिरोजाबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 24 ओवरों में 194 रन बनाए। फिरोजाबाद की ओर से अक्षत पांडे ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। इटावा के अंकुर मलिक, अमित यादव व सत्यम ने दो-दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटावा की टीम को शुरू से ही झटके लगते रहे, जिससे वह अंत तक नहीं उबर पाई और पूरी टीम एक गेंद शेष रहते 177 रनों पर आल आउट हो गई। इटावा के लिए रितुराज शर्मा ने सबसे ज्यादा 40 रनों का योगदान दिया। फिरोजाबाद की ओर से अक्षत पांडे ने चार विकेट लिए।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी राजीव सिंह और नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन फुरकान अहमद का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने अक्षत पांडे को मैन ऑफ द मैच और टूर्नामेंट का खिताब दिया।
वहीं बेस्ट गेंदबाज अमित यादव और बेस्ट बल्लेबाज सत्यम सांगू चुने गए। विजेता टीम को ट्रॉफी व 61 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।