शहर के नखासा मोहल्ले में शनिवार को हुए दो पक्षों के विवाद ने सोमवार को फायरिंग और पथराव का रूप ले लिया।
दो लोग गोली और आठ पथराव में घायल हुए हैं। गोली से घायल दोनों लोगों को सैफई पीजीआई रेफर किया गया है। फिलहाल किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे पुरबिया टोला मोहल्ला के पास नखासा मोहल्ला में अचानक फायरिंग की आवाज से लोग हड़बड़ा गए। मोहल्ले के ही दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर फेंके जा रहे थे।
सूचना पर कोतवाल समेत पुराना शहर चौकी प्रभारी रामपाल और टीटी प्रभारी विवेक चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर बवाल कर रहे कई लोग भाग गए। नखासा मोहल्ले के ही सभी यादव परिवारों के घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
इनमें एक पक्ष से जितेंद्र (35) पुत्र नवाब सिंह और सहवीर सिंह (35) होरीलाल गोली लगने से घायल हुए हैं।
इसके अलावा होरीलाल के बेटे बृजेंद्र सिंह, निहाल उर्फ अन्नू और दूसरे पक्ष से तुलसीराम के बेटे लल्ला उर्फ संजीव, सुभाष, रूपसिंह उर्फ भूरे और सुभाष का पुत्र अमन, सुधीर पुत्र हृदेश उर्फ बिल्ले, दिनेश पुत्र रामसिंह ईंट-पत्थर से लगने से घायल हुए हैं। जितेंद्र और सहवीर को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया।
दोनों को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने भी ले गई। एएसपी सिटी रामयश सिंह ने बताया कि नखासा मोहल्ले के ही जितेंद्र और सचिन नाम के दो युवकों के बीच शनिवार शाम को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
सोमवार को उसी कहासुनी की वजह से जब दोनों पक्ष आमने-सामने हुए तो झगड़ा शुरू हो गया। इसमें फायरिंग और ईंट-पत्थर से दोनों पक्ष के लोग घायल हुए हैं। अभी किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच कर रही है जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
फायरिंग और पत्थरबाजी के पीछे की वजह भले ही अभी साफ नहीं हुई, लेकिन मोहल्ले में चर्चा है कि झगड़े की शुरुआत शनिवार को छेड़खानी रोकने को लेकर हुई थी।
एक पक्ष के युवक ने दूसरे को मोहल्ले में छेड़छाड़ न करने के लिए रोका था। इसी से विवाद शुरू हो गया था। कुछ लोगों का यह भी कहना रहा कि शराब पीने पिलाने को लेकर इन युवकों में कहासुनी थी।
जिसे मोहल्ले के लोगों ने शांत करा दिया था। इस संबंध में पुराना शहर चौकी प्रभारी रामपाल का कहना रहा कि अभी विवाद की वजह साफ नहीं हुई है। जिस सचिन नाम के युवक से विवाद की शुरुआत हुई है।
वह सोमवार के झगड़े में नहीं दिखा है। छेड़छाड़ की बात भी उनके संज्ञान में नहीं आई है। जो लोग झगड़े में शामिल रहे, वे अस्पताल में भर्ती हैं।
झगड़े के दौरान एक पक्ष से पिस्टल से फायर किए जाने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अभी साफ नहीं किया कि गोली किससे चलाई गई।
चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि गोली किससे चलाई गई थी।