शहर के दबग्रान रोड पर फोम के गद्दों से लदी डीसीएम बिजली के तारों से टकरा गई। तारों से उठी चिंगारी गद्दों पर जा घिरी जिससे उसमें आग लग गई। डीसीएम से आग की लपटें उठतीं देख चालक हड़बड़ा गया और वह डीसीएम को छोड़कर भाग निकला।
आग लगने से डीसीएम में लदे गद्दे पलट गए जिससे आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोग जब तक आग बुझा पाते तब तक करीब आधा दर्जन दुकानों में रखा सामान भी जलकर बर्वाद हो गया।
शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे गाड़ीपुरा मोहल्ले की ओर से एक डीसीएम फोम के गद्दे लादकर जा रही थी। जैसे ही डीसीएम दबग्रान रोड पर पहुंची तभी अचानक ऊंचाई अधिक होने से डीसीएम पर लदे गद्दे बिजली के तारों से टकरा गए।
तारों से उठी चिंगारी से गद्दों में आग लग गई। फोम के गद्दे होने के कारण आग पल भर में ही भड़क गए। आग लगने से डीसीएम से तेज लपटें उठने लगीं। तेज लपटें उठती देख डीसीएम का चालक हड़बड़ा गया और उसने वहीं पर डीसीएम को खड़ा कर दिया और खुद भाग निकला।
आग लगने से ऊंचाई तक लदे गद्दे सड़क के दोनों ओर गिर पड़े। गद्दों में लगी आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाजार में आग लगने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग अपने साधनों से आग बुझाने में जुट गए, साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक शिवाजी पुत्र सत्यनारायण की दाल-चीनी की दुकान, मुकेश श्रीवास्तव के कंप्यूटर की दुकान, शरीफ उर्फ अब्दुल वहीद, हसन पुत्र फारूख व गोपाल, मेहरुद्दीन तथा दिनेश की दुकानों का काफी सामान जलकर बर्बाद हो गया। जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और उसने आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।