फोटो: 34 शुरुआती दौर में बीहड़ में लगी आग
दमकल को सुबह सूचना देने के बाद भी छह घंटे बाद पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी
संवाद समाचार एजेंसी
लवेदी। कस्बा क्षेत्र के गांव नवादा के बीहड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह लगभग 10 बजे आग लग गई। बीहड़ में आग लगी देख पास मौजूद किसानों ने पानी से आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया लेकिन आग बढ़ने लगी। यह देख ग्रामीणों ने तुरंत ही इसकी सूचना दमकल को दी लेकिन सूचना के छह घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। तब तक लगभग 100 एकड़ बीहड़ जलकर राख हो चुका था। इसके बाद आग पर शाम छह बजे काबू पाया जा सका।
शनिवार को नवादा गांव के किसान सर्वेस कुमार अपने सबमर्सिबल पंप पर मौजूद थे तभी उन्होंने बीहड़ में धुआँ उठता देखा। पास जाकर देखा तो बीहड़ में आग लगी हुई थी। इसपर उन्होंने तुरंत ही घटना की सूचना दमकल को दी और सबमर्सिबल पंप से अपने साथियों के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ ही देर में और भी ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लाठी डंडों और धूल डालकर आग को बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों की लाखों कोशिशों के बाद भी आग बढ़ती गई।
ग्रामीण दमकल के आने का इंतजार करते रहे लेकिन घंटों बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची और आग बीहड़ में तेजी से फैल गई। सुबह से लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की टीम शाम चार बजे मौके पर पहुंची तब तक आग लगभग 100 एकड़ बीहड़ के बबूल के पौधों को जला चुकी थी। गाड़ी के न पहुंचने पर दमकल टीम के साथ मौजूद ग्रामीणों ने डंडे आदि पीट-पीटकर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद शाम छह बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं ग्रामीणों में दमकल के देरी से आने को लेकर गहरी नाराजगी है।
दमकल विभाग के दरोगा सुभाष मौर्य ने बताया कि आग की सूचना मिल गई थी लेकिन बीहड़ के लिए रास्ता न होने से गाड़ी नहीं पहुंच सकी। आग नदी की ओर से लगी थी और गांव के तरफ आकर हल्की हो गई जिसे बाद में बुझा दिया गया।