फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: सिलिंडर लीकेज से लगी आग, चार झुलसे

विज्ञापन
विज्ञापन
भरथना। कस्बे के शुक्लागंज मोहल्ले में शनिवार सुबह श्राद्ध का खाना बनाते समय सिलिंडर में लीकेज से आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो महिलाओं समेत चार लोग झुलस गए। बचाने की कोशिश में झुलसे लोगों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया गया। हादसे में फ्रिज, टीवी समेत करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई। दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।
विज्ञापन

मोहल्ला निवासी प्रेमकिशोर घर में ही आटा चक्की चलाते हैं। पिता जगतानंद के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के लोग आए थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे मकान की दूसरी मंजिल पर प्रेमकिशोर की पत्नी रानी देवी उर्फ सीमा (45) अपनी देवरानी रश्मि देवी (40) पत्नी दीपक गुप्ता के साथ श्राद्ध का खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं।
खाना बनाने के लिए किराये पर लाई गई भट्टी में सिलिंडर लगाते ही रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर रानी देवी और रश्मि देवी झुलस गईं। उन्हें बचाने के लिए प्रेमकिशोर, उनके छोटे भाई दीपक गुप्ता समेत अन्य परिजन रसोई की ओर दौड़े। इस दौरान प्रेमकिशोर भी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दीपक मामूली रूप से झुलस गए।
विज्ञापन

मोहल्ले के लोग भी पड़ोसियों की छतों के रास्ते मौके पर पहुंचे। मशक्कत के बाद आग से घिरी दोनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। इसके बाद प्रेमकिशोर समेत तीनों को निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग लीला देवी सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो गईं। वहीं, अभिषेक, प्रियंका समेत घर में मौजूद बच्चे सहम गए और चीखने-चिल्लाने लगे।
आग से फ्रिज, टीवी, घरेलू सामान और कुछ नकदी भी जल गई। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने छतों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। बाद में दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाया। गणेश गुप्ता ने बताया कि वह परिवार के साथ गुरुग्राम से पिता के श्राद्ध में शामिल होने घर आए थे। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया सूचना पर घटना स्थल की जांच की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें