भरथना। जारपुरा में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे परचून की दुकान में तेज धमाके के साथ आग लग गई। दुकान की दीवार और लिंटर का कुछ हिस्सा ढह गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। अचानक हुए धमाके और आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जारपुरा निवासी अभिषेक उर्फ सिंटू गांव के ही एक व्यक्ति के मकान में दुकान किराये पर लेकर परचून की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात 12 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं। दुकान की दीवार और लिंटर का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था।
ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची। अभिषेक ने दुकान की पिछली दीवार में छेद मिलने पर आग लगाए जाने की आशंका जताई। प्रभारी निरीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे इंस्पेक्टर क्राइम पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने और फ्रिज का कंप्रेशर फटने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।