-पीड़िता ने विरोध करने पर पीटने व धमकी देने का लगाया आरोप
-सिविल लाइंस पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बाहुरी निवासी महिला के नाम पर आवंटित प्लॉट को फोटो बदलकर और अंगूठा लगाकर हड़प लिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में नामजद तीन महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बाहुरी निवासी अमर कुमारी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उन्होंने सहकारी आवास समिति लिमिटेड से 24 फरवरी 1992 को प्लॉट संख्या 10 का आवंटन कराया था। बाद में 19 मई 1999 को दिनेश तिवारी ने उसी प्लॉट का पट्टा उनके नाम कर दिया, जिसके बाद उन्होंने प्लॉट की नींव भी भरवा दी थी।
वह गंगानगर राजस्थान में रह रही थीं। इस दौरान उन्हें किसी ने सूचना दी कि उनके प्लॉट का किसी ने फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया है। अमर कुमारी ने तहसील पहुंचकर जांच कराई। जांच में सामने आया कि उनके ही गांव की एक महिला ने खुद को अमर कुमारी उर्फ अन्नपूर्णा बताकर सविता देवी मिश्रा के नाम फर्जी बैनामा कर दिया।
बैनामा में लगी फोटो और हस्ताक्षर उनके नहीं हैं। आरोप है कि महिला ने उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए अंगूठा लगाकर दस्तावेज तैयार कराए। वर्ष 2012 में इस प्लॉट का बैनामा सविता देवी मिश्रा के नाम किया गया और बाद में उसी वर्ष सविता देवी मिश्रा ने यह प्लॉट प्रियंका देवी के नाम कर दिया। पूरे मामले में मिथिलेश कुमार और कमलेश कुमार गवाह के रूप में शामिल रहे। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर साजिश के तहत दो फर्जी बैनामा कराकर प्लॉट पर कब्जा करने की साजिश रची।
अमर कुमारी ने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों से इस संबंध में बात की तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। छह अप्रैल को जब वह अपने पुत्र के साथ प्लॉट पर पहुंची, तो देखा कि आरोपी उनकी कराई गई बाउंड्री को तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और धमकाया।
पीड़िता ने तहसील से प्लॉट से संबंधित तलाश प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किया, जिसमें वर्ष 1990 से 2026 तक जमीन उनके नाम दर्ज पाई गई। उनके पुत्र के नाम का प्लॉट संख्या 27 भी इसी तरह फर्जी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया गया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया पीड़िता की तहरीर पर प्रियंका निवासी सैमरी थाना करहल, मैनपुरी, मिथिलेश कुमार निवासी चौबेपुर सैफई, कमलेश कुमार निवासी सुल्तानपुर कलां फ्रेंड्स कॉलोनी, सविता देवी मिश्रा निवासी मड़ैया ख्यालीराम, अरविंद पुल स्टेशन सड़क सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।