इटावा। बकेवर क्षेत्र के संतोषपुरा गांव में दस अगस्त को एक महिला ने गांव के चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। 11 अगस्त को आरोपियों ने पीड़ित महिला के खिलाफ मारपीट का क्रास केस दर्ज करा दिया। अब आरोपी महिला पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं।
संतोषपुरा गांव निवासी शकुंतला देवी ने बताया कि नौ अगस्त को वह खेत में बाजरा बो रही थी। इस दौरान पड़ोसी खेत के मालिक वीरेश सिंह आ गए और मेड़ काटने का आरोप लगाकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर पीट दिया। बड़े बेटे पप्पू की पत्नी आरती और पति जगत नारायण बचाने आए तो वीरेश ने बेटे छुन्ना, धनश्याम और बलराम के साथ मिलकर उनको पीट दिया।
महिला ने शिकायत पुलिस से की तो रात में इन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। 10 अगस्त को महिला की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस सांठगांठ कर झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया है। आरोपी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित के तीनों बेटे अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। इंस्पेक्टर विद्यासागर सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। महिला को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया है।