इटावा। हुनर और आत्मविश्वास के दम पर आईटीआई की छात्राओं ने यह साबित कर दिया कि तकनीकी शिक्षा केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव भी है। विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित कार्यक्रम में ऐसी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षण के बाद अपना व्यवसाय स्थापित कर दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का काम किया है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सफलता की कहानियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया, बढ़पुरा ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव और जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम बन रही है। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने 20 से अधिक युवाओं का चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को सदर विधायक सरिता भदौरिया ने ऑफर लेटर प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन बीपी रावत और लेफ्टिनेंट प्रशांत कमल ने किया।
ब्यूटीशियन ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त कर सैलून संचालित करने वाली कुम्फा विश्वास को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि आईटीआई से मिले प्रशिक्षण ने उन्हें स्वरोजगार का रास्ता दिखाया और आज वह इटावा में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।
सोनम दुबे ने फैशन डिजाइन ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपना व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने कहा कि आईटीआई की शिक्षा ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया और आज वह अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार के साथ समाज में भी सम्मान प्राप्त कर रही हैं।