इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में समथर बंबा के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना भरथना क्षेत्र के ताल पार निवासी उदयवीर सिंह, पिता रामस्वरूप (75) पुत्र के साथ ऊसराहार क्षेत्र के गांव भूटा में दावत से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक समथर के पास चौपला बंबा के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे खड्डे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद रामस्वरूप को मृत घोषित कर दिया जबकि उदयवीर की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने बताया वाहन चालक की तलाश की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।