चकरनगर। क्षेत्र में डीएपी खाद का संकट किसानों की परेशानी बढ़ा रहा है। टिटावली, कार्यावली, चकरनगर और बंसरी साधन सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं होने से किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। गेहूं की बोआई के लिए खेत तैयार कर चुके किसानों को समय से खाद नहीं मिल पा रही है। ऐसे में खेतों में पलेवा के बाद बनी नमी लगातार कम हो रही है। बोआई में देरी होने से बीज के अंकुरण पर असर पड़ने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
पांच नवंबर को कार्यावली समिति से 30 बोरी डीएपी की कालाबाजारी के मामले में सचिव पर कार्रवाई के बाद टिटावली और कार्यावली समितियों पर खाद वितरण ठप हो गया था। 12 दिन बीतने के बाद भी दूसरे कर्मचारी को जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे दोनों समितियां बंद पड़ी हैं।
वहीं, भरेह समिति पर एक सप्ताह बाद डीएपी की 300 बोरी पहुंची, लेकिन किसानों को अभी तक खाद नहीं मिल सकी है। सोमवार को बंसरी समिति पर डीएपी लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ी थी। शाम होते-होते खाद समाप्त हो गई। इससे कई किसानों को बिना खाद लिए ही लौटना पड़ा।
बाजार से खरीदनी पड़ रही खाद
- बिड़ौरी निवासी साहिब सिंह ने बताया कि वह खाद लेने के लिए लाइन में लगे थे। नंबर आने पर मशीन में अंगूठा नहीं लगा, जिससे उन्हें खाद नहीं मिल सकी। अब समिति पर खाद भी समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग किसानों का अंगूठा नहीं लगने पर खाद देने के लिए सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
- विड़वा कला निवासी किसान अखिलेश ने बताया कि टिटावली समिति पर डीएपी नहीं है। 12 दिन बीतने के बाद भी सचिव की तैनाती नहीं हुई है। किसान खाद के लिए चक्कर काट रहे हैं। मजबूरी में उन्हें बाजार से 1700 रुपये में एक बोरी डीएपी खरीदनी पड़ी।
वर्जन
सचिव पर कार्रवाई होने के बाद दूसरे सचिव को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। भरेह समिति पर खाद पहुंच गई है। बंसरी और चकरनगर समितियों के लिए रुपये जमा हो रहे हैं। इसके बाद वहां डीएपी भेजी जाएगी।
कमलेश नारायण वर्मा, एआर कॉपरेटिव