बकेवर। उधार दिए रुपये वापस न मिलने से क्षुब्ध होकर किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है।
लवेदी थानाक्षेत्र के बीहड़ी बहादुरपुर गांव निवासी किसान नागेंद्र सिंह चौहान (45) ने गांव के एक व्यक्ति को 64 हजार रुपये उधार दिए थे। इसमें 15 हजार रुपये उसे वापस मिल गए थे। शेष रकम न मिलने से वह दुखी था। रविवार रात उसने जहर खा लिया था। हालत खराब होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि नागेंद्र के पास से एसएसपी को लिखा गया सुसाइड नोट मिला है। इसमें कई बार पैसे मांगने पर भी न मिलने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। मामले की जानकारी पर लवेदी थाना प्रभारी विश्वनाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।