इटावा। बाइक उछलने से नदी में गिरी महिला का सोमवार को भी सुराग नहीं लगा। इससे आक्रोशित परिजनों ने भरथना-ऊसराहार मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस कर्मियों पर गालीगलौज का आरोप लगाया। एसडीएम ताखा और सीओ भरथना ने उन्हें आश्वासन देकर शांत कराया।
औरैया के एरवाकटरा के नगला बांस गांव निवासी राजेश कुमार शाक्य रविवार को पत्नी रंजना देवी को लेकर बाइक से इटावा निजी अस्पताल जा रहे थे। ऊसराहार-भरथना मार्ग पर पुरहा नदी के पुल पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक पुल के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रंजना उछलकर नदी में जा गिरी थीं। रविवार को पीएसी बुलाकर महिला की तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह सात बजे एसडीआरएफ, पीएसी राहत बचाव टीम के गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद भी महिला नहीं मिली। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से ऑक्सीजन सिलिंडर वाले गोताखोर बुलाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि महिला की मां से गालीगलौज की गई।
जाम की सूचना मिलते ही ऊसराहार थानाध्यक्ष गंगादास गौतम, एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय, तहसीलदार प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी भरथना विजय सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण आधे घंटे बाद रास्ते से हटे। सीओ विजय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास पीएसी तैनात कर दी गई है। एसडीआरएफ की दो टीमें नदी में महिला की तलाश कर रही हैं।